केंद्र के खिलाफ काले कपड़े पहन सड़क पर उतरे कांग्रेसी, सांसद के घर का घेराव कर उड़ाए काले गुब्बारे

केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए शनिवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसी सड़क पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर भाजपा सांसद के घर का घेराव किया। विरोध स्वरूप काले कपड़े पहने कार्यकर्ताओं ने काले गुब्बारे उड़ाए। इस दौरान झांझ-मंजीरा बजाकर भी इन्होंने प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों को रोकने के लिए बड़ी संख्या में मौजूद पुलिस बल ने बैरिकेड्स कर दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर बहस भी हुई।


विधायक संजय शुक्ला, पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल, कांग्रेस नेता विनय बाकलीवाल, अर्चना जायसवाल सहित बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल कांग्रेसियों का आरोप है कि केंद्र सरकार की ओर से लगातार प्रदेश सरकार के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। उनका कहना है कि केंद्र द्वारा प्रदेश को उचित फंड नहीं दिया जा रहा है। बाढ़ से हुई नुकसानी को लेकर भी केंद्र की आेर से कोई राहत राशि नहीं मिली। इसके अलावा भी अन्य किसी प्रकार से केंद्र द्वारा मदद नहीं की जा रही है। उनका कहना था कि वे अपना हक मांग रहे हैं। किसी से भीख नहीं मांग रहे हैं।